Vedant Samachar

भारत-पाकिस्तान के बीच फ्लैग मीटिंग, 4 साल में पहली बार, 75 मिनट चर्चा, एक महीने में LoC पर गोलीबारी-ब्लास्ट की 5 घटनाएं हुईं

Vedant Samachar
2 Min Read

जम्मू-कश्मीर,21 फ़रवरी 2025 : LoC (नियंत्रण रेखा) पर तनाव के बीच भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच शुक्रवार को फ्लैग मीटिंग हुई। यह मीटिंग पुंछ सेक्टर के चाका दा बाग (LoC ट्रेड सेंटर) में आयोजित की गई। जिसमें दोनों सेनाओं के ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी शामिल हुए। बैठक 75 मिनट तक चली।

पिछले चार सालों में दोनों देशों के बीच इस तरह की पहली मीटिंग है। आखिरी फ्लैग मीटिंग 2021 में हुई थी। सूत्रों ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों के बीच बॉर्डर पर शांति बनाए रखने और सीजफायर पर सहमति बनी।

पिछले कई हफ्तों से LoC पर तनाव बना हुआ है। सेना ने 4 फरवरी को 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था। वहीं 13 फरवरी को भी पाकिस्तान सैनिकों के सीजफायर तोड़ने की खबर आई थी। सेना ने बाद में इसका खंडन किया था।

भारतीय सेना ने 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि घटना 4 फरवरी की रात पुंछ जिले में कृष्णा घाटी के पास हुई थी जब LoC के पास घुसपैठ की कोशिश की गई। सूत्रों का दावा था कि भारतीय सेना की फॉरवर्ड पोस्ट पर हमले की प्लानिंग थी।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में 14 जनवरी को LoC के पास लैंडमाइन ब्लास्ट में गोरखा राइफल्स के 6 जवान घायल हो गए थे। ब्लास्ट भवानी सेक्टर के मकरी इलाके में हुआ था। जवानों की एक टुकड़ी खंबा किले के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। उसी दौरान एक जवान का पैर गलती से सेना की बिछाई लैंड माइन पर पड़ गया।

Share This Article